ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

ओवरलोडिंग पर परिवहन विभाग का शिकंजा, निजी बस का परमिट रद्द; 110 यात्रियों को रोडवेज से भेजा गया गंतव्य तक

टनकपुर से लुधियाना जा रही निजी बस पर बड़ी कार्रवाई, 110 यात्रियों को उतारकर रोडवेज बसों से भेजा गंतव्य

उधम सिंह नगर। निजी बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर संचालित किए जाने और नियमों की अनदेखी के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टनकपुर से लुधियाना के लिए रवाना हुई जगदंबा ट्रेवल्स की निजी बस को बीती रात सूरजमल कॉलेज के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। जांच के दौरान बस में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक 110 यात्री सवार पाए गए।

परिवहन विभाग की टीम ने बस को चेक करने के बाद नियमों के उल्लंघन के मामले में चालानी कार्रवाई की। बताया गया कि बस पर एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही बस का परमिट निरस्त करने और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की गई।

कार्रवाई के बाद बस में सवार 110 यात्रियों को सुरक्षित रूप से रुद्रपुर बस स्टैंड लाया गया। यहां सहायक महाप्रबंधक, रुद्रपुर बस स्टैंड के सहयोग से यात्रियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बसों के माध्यम से उनके संबंधित गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई।

रोडवेज कर्मचारियों ने परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। कर्मचारियों का कहना है कि निजी बसों द्वारा नियमों की अनदेखी कर की जा रही डग्गामारी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जरूरी है। उनका कहना है कि क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर चलने वाली बसें यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। ऐसे में परिवहन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

रोडवेज कर्मचारियों ने इस कार्रवाई के लिए हल्द्वानी आरटीओ और रुद्रपुर के सहायक महाप्रबंधक का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाली निजी बसों के खिलाफ इसी तरह लगातार और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यात्रियों से सुरक्षित यात्रा की अपील

रोडवेज कर्मचारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दें। यात्रियों से कहा गया है कि केवल सस्ती या आसान यात्रा के लालच में ऐसी निजी बसों में सफर न करें, जिनमें क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जाता है या परिवहन नियमों का पालन नहीं किया जाता।

कर्मचारियों ने यात्रियों से उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बसों से यात्रा करने की अपील की है। उनका कहना है कि सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा के लिए यात्रियों को अधिकृत परिवहन सेवाओं का ही इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि रास्ते में किसी तरह की परेशानी या असुविधा का सामना न करना पड़े।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद निजी बस संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी करने वाली निजी बसों के खिलाफ अभियान और तेज किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें :  डीएम ललित मोहन रयाल की बड़ी कार्रवाई: भू-माफियाओं से मुक्त कराई 25 नाली जमीन, पीड़ित महिला को दिलाया न्याय
error: Content is protected !!