नैनीताल के तल्ली ताल क्षेत्र में टैक्सी चालक की पार्किंग से खाई गिरने से हुई मौत

रिपोर्ट गुड़डू सिंह ठठोला

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई। पार्किंग क्षेत्र से करीब 50 फीट गहरी खाई में गिरने से गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद टैक्सी चालक समुदाय सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी मनोज जैन (45 वर्ष) पिछले कई वर्षों से नैनीताल में रहकर टैक्सी संचालन का कार्य कर रहे थे। वह तल्लीताल टैक्सी स्टैंड से जुड़े हुए थे और स्टैंड के कार्यालय में ही निवास करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार मनोज जैन लंबे समय से शहर में रह रहे थे और टैक्सी व्यवसाय से जुड़े लोगों के बीच अच्छी पहचान रखते थे।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात उन्होंने शराब का सेवन किया हुआ था। देर रात वह कार्यालय से बाहर लघुशंका के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पार्किंग की सुरक्षा दीवार के पास से फिसलकर लगभग 50 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरे। देर रात हुए इस हादसे से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर मनोज जैन को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश खाई में गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

मनोज जैन की असामयिक मृत्यु की खबर से तल्लीताल टैक्सी स्टैंड के चालकों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। साथी चालकों ने बताया कि वह वर्षों से नैनीताल में मेहनत कर अपना जीवनयापन कर रहे थे। उनके निधन से टैक्सी समुदाय ने एक साथी को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी विधानसभा से मेयर गजराज बिष्ट ने ठोकी दावेदारी, बोले—इस बार फ्रंट फुट पर करूंगा बैटिंग
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.