ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। कांग्रेस द्वारा गंगा स्नान और रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू धर्म, धार्मिक परंपराओं और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का अपमान करने का आरोप लगाया है।
अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि सावन माह हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है और इस दौरान गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड पहुंचते हैं, गंगा में स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में गंगा स्नान को मनोरंजन या राजनीतिक गतिविधि बताना हिंदू आस्था का खुला अपमान है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं द्वारा गंगा स्नान को लेकर की जा रही टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि यह बयान न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि सनातन परंपराओं का भी मजाक उड़ाने जैसा है। डब्बू ने कहा कि कांग्रेस को धार्मिक विषयों पर राजनीति करने के बजाय जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
वायरल वीडियो विवाद पर भी उन्होंने कांग्रेस को घेरा। उनका कहना था कि जिस वीडियो को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है, वह पूरी तरह से वास्तविक (ओरिजिनल) था और उसमें किसी प्रकार की एआई एडिटिंग नहीं की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक नेता ने मंच से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके विरोध में मामला उठा। बाद में कांग्रेस नेता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और वहां भी अभद्र व्यवहार किया गया।
रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर उठ रहे सवालों पर अनिल कपूर डब्बू ने स्पष्ट किया कि यह भाजपा का कार्यक्रम नहीं था। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में शुद्धिकरण का आयोजन विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा किया गया था और भाजपा का इससे कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को भाजपा से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता सच्चाई को भलीभांति समझती है। डब्बू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार धार्मिक और सामाजिक मुद्दों को राजनीतिक रंग देकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की जनसभा, वायरल वीडियो और उसके बाद रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। दोनों दलों के नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी जारी है, जिससे प्रदेश की राजनीति में यह मुद्दा और अधिक गरमा गया है।

यह भी पढ़ें :  एमबीपीजी कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय एआई कार्यशाला का समापन

You missed

error: Content is protected !!