ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। शहर में बढ़ते बंदरों और आवारा कुत्तों के आतंक, सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश तथा बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम हल्द्वानी पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बंदरों और आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। कई स्थानों पर लोगों पर हमले और दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। वहीं सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं और सड़क हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है।

इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव गुरुप्रीत सिंह प्रिन्स ने कहा कि नगर निगम को इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता लंबे समय से इन परेशानियों का सामना कर रही है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है।

कांग्रेस नेता राधा आर्या ने कहा कि नगर निगम केवल औपचारिकताओं तक सीमित न रहे, बल्कि आवारा पशुओं और बंदरों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस योजना बनाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त और बदहाल सड़कों की मरम्मत के लिए भी समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की मांग की।

वहीं युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित कुमार और मौकिन सैफी ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर युवा कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन शुरू करने पर भी विचार करेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से नगर निगम प्रशासन से मांग की कि आवारा कुत्तों और बंदरों के नियंत्रण, गोवंश के संरक्षण एवं पुनर्वास तथा शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करना कमजोरी नहीं, जागरूकता और साहस की निशानी: प्रो. नीता बोरा

You missed

error: Content is protected !!