मंगोली-खुर्पाताल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, बच्चों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला
ओस्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में न्याय पंचायत खुर्पाताल क्षेत्र में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रातः 10 बजे राजकीय इंटर कॉलेज मंगोली से हुआ। यात्रा विद्यालय परिसर से पंचायत घर तक पहुंची, जहां लोगों ने तिरंगे का सम्मान करते हुए देशभक्ति के नारे लगाए। इसके बाद यात्रा का दूसरा चरण राजकीय इंटर कॉलेज खुर्पाताल से प्रारंभ हुआ, जो माध्यमिक प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से होकर पुनः विद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नैनीताल विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री (पेयजल) दिनेश आर्या तथा सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोपाल रावत मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प पर जोर दिया।
विधायक सरिता आर्या ने कहा कि बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रहित में अपना योगदान दे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को भी आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक बताया।
दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्या ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने युवाओं से देश सेवा और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
वहीं सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत ने विद्यार्थियों से तिरंगे और भारत के गौरवशाली इतिहास से जुड़े प्रश्न पूछकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। साथ ही उन्होंने स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान गोपाल रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज खुर्पाताल में पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी नैनीताल से संपर्क कर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का आश्वासन भी दिया।
तिरंगा यात्रा में ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विजय गोस्वामी, महामंत्री गौरव गोस्वामी, मंडल मंत्री विजय बिष्ट, किसान मोर्चा महामंत्री योगेश बिष्ट, जीवन नेगी, विनोद कुमार, नवीन चंद्र, हीरा अधिकारी, कुन्दन अधिकारी, विक्रम कनवाल, हेम बहुखंडी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज मंगोली के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर, राजकीय इंटर कॉलेज खुर्पाताल की प्रधानाचार्य गीता पाण्डे, कृष्णा आर्या, बीना, विनीता जोशी, हेमा जोशी, लक्ष्मी, सुमिता आर्या, कैलाश सयाना, बहादुर सिंह रावत समेत समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने यात्रा में भाग लिया।
तिरंगा यात्रा ने क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश भी दिया। विद्यार्थियों और ग्रामीणों के उत्साहपूर्ण सहभाग ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।



