बर्थडे पार्टी से लौट रहे टेंट व्यवसायी का कार में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
काशीपुर। रामनगर क्षेत्र में एक युवा टेंट व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। दुकान पर कार्यरत कर्मचारी के जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौटे 26 वर्षीय टेंट व्यवसायी का शव सोमवार सुबह खेत में खड़ी कार के अंदर बरामद हुआ।
शव पर चोट के गंभीर निशान, दोनों मोबाइल फोन का गायब होना और पोस्टमार्टम के दौरान गर्दन से गोली मिलने की सूचना के बाद मामला सड़क दुर्घटना से हटकर हत्या की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है तथा मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए दो किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बाजावाला, ढकिया नंबर-एक, कुंडेश्वरी निवासी संजीव सिंह (26) पुत्र स्व. सोहन सिंह रामनगर के थारी क्षेत्र में टेंट व्यवसाय संचालित करते थे। उनकी दुकान पर शिवम नामक युवक पिछले तीन वर्षों से कार्यरत था।
रविवार को शिवम का जन्मदिन होने के कारण संजीव अपने कर्मचारी और एक अन्य युवक के साथ रामनगर के कोसी पुल क्षेत्र में पार्टी मनाने गए थे। बताया जा रहा है कि वहां तीनों ने साथ बैठकर बियर पी और देर रात वापस लौटे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक संजीव ने दोनों युवकों को उनके घरों तक छोड़ा था।
सोमवार सुबह राजपुर-प्रतापपुर रोड स्थित भल्ला पुल के समीप से गुजर रहे एक दूध विक्रेता की नजर सड़क किनारे खेत में घुसी एक कार पर पड़ी। संदेह होने पर उसने पास जाकर देखा तो कार के भीतर एक युवक का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। बाद में मृतक की पहचान संजीव सिंह के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े कर दिए। कार का एक दरवाजा खुला मिला, जबकि मृतक के दोनों मोबाइल फोन गायब थे। इसके अलावा वाहन के अंदर खून के निशान भी पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध बन गया।
मृतक के चचेरे भाई शिव प्रसाद सिंह ने बताया कि संजीव के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उनकी पत्नी निशा, तीन वर्षीय बेटी हर्षिता और 20 वर्षीय छोटी बहन आरती हैं। संजीव परिवार का एकमात्र सहारा थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पोस्टमार्टम के दौरान संजीव के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक के सिर के पिछले हिस्से में गहरा घाव था और वाहन की आगे की सीट से लेकर पीछे तक खून फैला हुआ मिला। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संजीव के गले पर गहरे निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई।
मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली कि पोस्टमार्टम के दौरान संजीव की गर्दन से गोली निकाली गई। बताया जा रहा है कि गोली शरीर के अंदर फंसी हुई थी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने संजीव के साथ अंतिम बार देखे गए दोनों किशोरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बयान बार-बार बदल रहे हैं, जिससे उन पर संदेह गहरा गया है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के आधार पर कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
दोपहर बाद जब पोस्टमार्टम में संदिग्ध घावों की जानकारी सामने आई तो पुलिस ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है। विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे रामनगर और कुंडेश्वरी क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संजीव को गोली किन परिस्थितियों में लगी और उनकी मौत के पीछे आखिर किसका हाथ है।










