नैनीताल। नैनीताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भाजपा नेता एवं नैनीताल विधानसभा से भाजपा विधायक प्रत्याशी हेम आर्या के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात की।

इस दौरान क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

शिष्टमंडल ने विशेष रूप से बेतालघाट क्षेत्र के हली पुल के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से जिलाधिकारी के समक्ष रखा। क्षेत्रवासियों की आवागमन संबंधी परेशानी और पुल निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए डीएम ललित मोहन रयाल ने हली पुल निर्माण के लिए ₹40 लाख देने का आश्वासन शिष्टमंडल को दिया।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, विद्युत और सड़क से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए पंगूट-हरियाल मार्ग, कुनियालखेत मार्ग तथा फगुनाखेत-गहलना मार्ग के निर्माण एवं सुधार की मांग जिलाधिकारी के सामने रखी गई।

शिष्टमंडल ने सड़ियाताल झील की सफाई का मुद्दा भी उठाते हुए झील की नियमित सफाई एवं संरक्षण की आवश्यकता बताई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय लोगों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान जरूरी है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शिष्टमंडल की ओर से रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। हली पुल के लिए ₹40 लाख के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में पुल निर्माण की उम्मीद जगी है।

शिष्टमंडल में भाजपा नेता हरगोबिंद रावत, तारा सिंह, महेश जोशी, सतीश टम्टा, खीम सिंह महरा, हितेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में दिल दहला देने वाली वारदात, गृह क्लेश में पति ने पत्नी की पाठल से की हत्या; फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.