रामगढ़। नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत नथुवाखान क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिनगर क्षेत्र में एक मारुति कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 80 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 17 वर्षीय स्कूली छात्रा और उसके ताऊ गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से दोनों को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामगढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार हरिनगर के तोक गैराड़ी, नथुवाखान निवासी राजेंद्र प्रसाद (45) पुत्र जगतराम मंगलवार सुबह अपनी मारुति कार से नथुवाखान की ओर जा रहे थे। उनके साथ उनकी भतीजी कोमल आर्या (17) पुत्री दिनेश चंद्र भी स्कूल जाने के लिए कार में सवार थी। बताया जा रहा है कि घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचने के बाद अचानक वाहन चालक का कार से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर खाई में उतरकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ ले जाया गया।
सीएचसी रामगढ़ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप पांडे ने बताया कि हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों की संकरी और घुमावदार सड़कों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पुलिस और प्रशासन भी हादसे के कारणों की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।










