हल्द्वानी। एलटी शिक्षकों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की बाध्यता लागू किए जाने के विरोध में राजकीय शिक्षक संघ नैनीताल ने मोर्चा खोल दिया है।
बुधवार को संघ के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुमित हृदयेश से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों ने विधायक से शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी करते हुए एलटी शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त कराने की मांग की।
शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति तत्कालीन सेवा नियमावली में निर्धारित शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक योग्यताओं के आधार पर हुई थी, उनकी नियुक्ति के बाद अतिरिक्त योग्यता के रूप में टीईटी की बाध्यता लागू किया जाना उचित नहीं है।
शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से विभाग में सेवाएं दे रहे शिक्षकों पर बाद में किसी नई योग्यता की अनिवार्यता लागू होने से उनके सेवा हित प्रभावित होने की आशंका है।
वर्ष 2014 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को छूट देने की मांग
ज्ञापन में विशेष रूप से मांग की गई कि वर्ष 2014 की सेवा नियमावली लागू होने से पूर्व नियुक्त एलटी शिक्षकों को टीईटी की बाध्यता से मुक्त रखा जाए। साथ ही इस संबंध में शासन स्तर से स्पष्ट शासनादेश जारी किया जाए, ताकि शिक्षकों के बीच उत्पन्न असमंजस की स्थिति समाप्त हो सके।
शिक्षकों ने विधायक से कहा कि इस विषय को केवल विभागीय स्तर तक सीमित न रखते हुए विधानसभा एवं शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा विभाग के समक्ष शिक्षकों की समस्या को प्रभावी ढंग से रखने और उनके हित में आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया।
विधायक ने दिया उचित स्तर पर मामला उठाने का आश्वासन
विधायक सुमित हृदयेश ने शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और उनकी समस्या को उचित स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।
शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेते हुए लंबे समय से सेवा दे रहे एलटी शिक्षकों को राहत प्रदान करेगी।
इस अवसर पर राजकीय शिक्षक संघ नैनीताल के उपाध्यक्ष मदन गोस्वामी के नेतृत्व में पूर्व कुमाऊं मंडल अध्यक्ष डॉ. गोकुल मर्तोलिया, पूर्व जिलाध्यक्ष नैनीताल डॉ. विवेक पाण्डेय, मंडलीय उपाध्यक्षा प्रीति मजगाई, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अल्मोड़ा कुलदीप कुमार जोशी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष नैनीताल हेम त्रिपाठी, पूर्व जिला अध्यक्ष चंपावत पान सिंह मेहता, एनएमओपीएस नैनीताल अध्यक्ष मीनाक्षी कीर्ति, पूर्व जिला संयुक्त मंत्री रश्मि पांडे, हल्द्वानी ब्लॉक मंत्री गणेश जोशी, धीरेन्द्र मिश्रा, पूर्व संयुक्त मंत्री त्रिलोक ब्रजवासी, जगदीश कुमार विमल, बलवंत हयांकी, कृष्ण सोनाल सहित राजकीय शिक्षक संघ के अनेक सदस्य एवं शिक्षक मौजूद रहे।










