रिपोर्टर : गोविन्द राणा
पिथौरागढ़। नगर में इन दिनों पारंपरिक सातों-आठों पर्व की धूम मची हुई है। पर्व के अवसर पर गुरुवार को शहर में स्कूली छात्र-छात्राओं की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
स्कूली झांकी घंटाकरण से शुरू होकर बैंक रोड, सिमलगैर होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। झांकी के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में बड़ी संख्या में लोगों ने झांकी का स्वागत किया और पर्व की खुशियों में शामिल हुए।
इस सांस्कृतिक झांकी में ब्रिचहुड एकेडमी, विवेकानंद इंटर कॉलेज, गंगोत्री गर्व्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मल्लिकार्जुन स्कूल ऐंचोली सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों में झांकी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
झांकी के रामलीला मैदान पहुंचने के बाद यहां पर्व से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न गांवों और सांस्कृतिक दलों की ओर से चांचरी, झोड़ा, लोकनृत्य और लोकगायन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को जीवंत किया जाएगा।
सातों-आठों पर्व के दौरान पिथौरागढ़ शहर में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व को लेकर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी रौनक बनी हुई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश भी दिया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम स्थानीय लोक संस्कृति को संरक्षित करने के साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रामलीला मैदान में होने वाले चांचरी, झोड़ा और लोकगायन कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।








