ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री से की भीमताल विधानसभा की समस्याओं का समाधान करने की माग

देहरादून। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त हुए मोटर मार्गों के पुनर्निर्माण और पहाड़ों में भवन निर्माण से जुड़े प्राधिकरण के नियमों में सरलीकरण की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री के समक्ष ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल विकासखंडों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि हाल में आई आपदा और भारी बारिश के कारण भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में कई मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित है और स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त मार्गों का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।

मंत्री ने मुख्यमंत्री से आपदा मद से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा हैं। इनके क्षतिग्रस्त रहने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी प्रभावित होती है।

प्राधिकरण के नियमों में सरलीकरण की मांग

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पहाड़ों में प्राधिकरण के नियमों के कारण स्थानीय लोगों को मकान, दुकान और अन्य निर्माण कार्यों में आ रही परेशानियों का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियां मैदानी क्षेत्रों से अलग हैं। ऐसे में स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण संबंधी नियमों में व्यावहारिक सरलीकरण किया जाना चाहिए।

कैड़ा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पहाड़ों में स्थानीय लोगों को भवन, दुकान और अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए प्राधिकरण के नियमों में राहत दी जाए। उन्होंने नियमों के सरलीकरण अथवा पर्वतीय क्षेत्रों से प्राधिकरण व्यवस्था समाप्त करने की मांग भी रखी, ताकि ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

भीमताल विधानसभा की अन्य समस्याएं भी उठाईं

मुलाकात के दौरान मंत्री कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाना जरूरी है।

मंत्री ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री स्तर से इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें :  मिशन रामनगर अस्पताल: राहुल सिंह दरम्वाल की सीधी चेतावनी, व्यवस्थाओं में सुधार के लिए CMS के साथ बना मास्टर प्लान

You missed

error: Content is protected !!