भीमताल। कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को रामगढ़ ब्लॉक के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
उन्होंने पंगराड़ी, पोखरी, अनूठी, गहना, नैकना और तल्ला-रामगढ़ गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों का कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत स्थानीय स्तर से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र का विकास और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुःख में हमेशा उनके साथ खड़ा रहना उनका दायित्व है। ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान सीधे जनता से संवाद करने से स्थानीय समस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
मंत्री के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न सुझाव भी दिए।
भ्रमण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष रामगढ़ अंकित पाड़े, कमलेश बिष्ट सहित भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री के गांव में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करने और समस्याएं सुनने पर आभार जताया।








