नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन ग्रीन’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रख्यात वनस्पतिविज्ञानी एवं शिक्षाविद प्रो. प्रेम लाल उनियाल तथा पंतनगर विश्वविद्यालय की वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं शिक्षाविद प्रो. प्रीति चतुर्वेदी ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. प्रेम लाल उनियाल और प्रो. प्रीति चतुर्वेदी ने तिमूर और बांज के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा बनाने के साथ-साथ स्थानीय और उपयोगी प्रजातियों के संरक्षण पर जोर दिया गया।
प्रो. प्रेम लाल उनियाल ने कहा कि पौधे लगाना सबसे सरल, लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर पौधारोपण और पौधों के संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है।
प्रो. प्रीति चतुर्वेदी ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हमारा प्रथम कर्म होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जरूरी है।
वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि प्रकृति के प्रति हमारी सोच और व्यवहार ही आने वाले कल के भविष्य का निर्धारण करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने तिमूर और बांज के पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तिमूर एक महत्वपूर्ण औषधीय पौधा होने के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है। वहीं, बांज पर्वतीय पारिस्थितिक तंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और जल संरक्षण तथा जैव विविधता के लिए भी उपयोगी माना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. प्रेम लाल उनियाल और प्रो. प्रीति चतुर्वेदी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विभाग से जुड़े शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने भी पौधारोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. नीलू लोधियाल, डॉ. नवीन पांडे, डॉ. प्रभा पंत, विशाल बिष्ट, लता नितवाल, शीतल, गोपाल बिष्ट, लीला सहित अन्य लोगों ने पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय वनस्पतियों के महत्व तथा पौधों की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। ‘मिशन ग्रीन’ के तहत आयोजित इस पहल को विश्वविद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।








