यूनिट टेस्ट के दौरान छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, भूत-प्रेत की अफवाह से मचा हड़कंप
परीक्षा के दौरान कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से फैली दहशत- स्कूल प्रशासन ने स्थिति संभालने के बाद कर दी छुट्टी
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद आसपास बैठी अन्य छात्राएं भी घबरा गईं। देखते ही देखते स्कूल में डर और दहशत का माहौल बन गया और कई छात्राएं रोने लगीं। घटना के बाद क्षेत्र में छात्राओं पर कथित भूत-प्रेत की बाधा होने की अफवाह भी फैल गई, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को विद्यालय में कक्षा 10 और 11 की छात्राओं के यूनिट टेस्ट चल रहे थे। इसी दौरान एक-दो छात्राओं ने चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की। बताया गया कि एक छात्रा अचानक चीखने लगी, जिसे देखकर आसपास मौजूद दूसरी छात्राएं भी डर गईं। इसके बाद चार-पांच छात्राओं में भी घबराहट और बेचैनी की स्थिति पैदा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने तत्काल स्थिति को संभालने का प्रयास किया। स्कूल की प्रवक्ता नीलम ने बताया कि छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद उनके बीच अचानक घबराहट का माहौल बन गया था। एक-दूसरे को देखकर कई छात्राएं डर गईं और कुछ छात्राएं रोते हुए घर जाने की बात कहने लगीं।
अफवाह से बढ़ी लोगों की चिंता
छात्राओं के बीच अचानक बने इस माहौल के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों के बीच छात्राओं पर भूत-प्रेत की बाधा होने की अफवाह फैल गई। हालांकि विद्यालय प्रशासन ने ऐसी किसी भी बात से साफ इनकार किया है। प्रवक्ता नीलम के अनुसार, मामला किसी भूत-प्रेत की बाधा का नहीं था, बल्कि अचानक पैदा हुई घबराहट के कारण कई छात्राएं डर गई थीं।
स्कूल प्रशासन ने कराई छुट्टी
स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने एहतियातन स्कूल की छुट्टी कर दी और छात्राओं को सुरक्षित उनके घर भेज दिया। प्रशासन की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल किसी गंभीर घटना की सूचना नहीं है।
विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि छात्राओं के बीच डर और घबराहट के कारण ही कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी थी। घटना के बाद विद्यालय परिसर में स्थिति सामान्य है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : पुलिस ने स्कूटी चोरी की घटना का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; चोरी की दो स्कूटी बरामद
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.