ऑपरेशन प्रहार के तहत हल्द्वानी पुलिस की कार्रवाई, वरना कार भी पुलिस ने कब्जे में ली

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हल्द्वानी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध एवं अवैध हथियारों की तस्करी और उनके प्रयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने उपकारागार हल्द्वानी परिसर के बाहर संदिग्ध वरना कार संख्या UK06R-8499 को रोककर उसकी चेकिंग की। तलाशी के दौरान वाहन से एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

गिरफ्तार अभियुक्त

जतिन्द्र सिंह, पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध हथियार रखने, तस्करी करने अथवा उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चेकिंग और सत्यापन की कार्रवाई तेज कर रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कैंची धाम जाम की बैठक से स्थानीय जनप्रतिनिधि रहे बाहर, ग्राम प्रधान संगठन में नाराजगी; आंदोलन की चेतावनी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.