चोरी के लैपटॉप, नगदी, ब्लूटूथ स्पीकर और ताला तोड़ने में इस्तेमाल पाना बरामद; दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

रामनगर। स्कूल में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए रामनगर पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का लैपटॉप, चार्जर, हजारों रुपये की नगदी, ब्लूटूथ स्पीकर तथा चोरी के दौरान ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया पाना बरामद किया है।

पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को थाना रामनगर में कानिया निवासी कैलाश चन्द्र पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय बृजमोहन पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके स्कूल से लैपटॉप और करीब 10 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर रामनगर पुलिस ने FIR संख्या 261/26 के तहत धारा 331(4)/305(ए) BNS में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।

सीसीटीवी और सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल तरीके से भी संदिग्धों की तलाश शुरू की।

लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने पीरूमदारा वाइन शॉप के पास कार क्विड संख्या UK-03B-9295 से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

संदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय नन्द किशोर, निवासी रामपुर रोड, देवलचौड़ चौराहा के पास, हल्द्वानी, उम्र 22 वर्ष।

उज्जवल सिंह परगाई पुत्र नारायण सिंह उर्फ नन्दन सिंह, निवासी जीतपुर नेगी, देवलचौड़, थाना हल्द्वानी, उम्र 25 वर्ष।

के रूप में हुई है।

आरोपियों के कब्जे से यह सामान बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपी संदीप कुमार के कब्जे से एक Acer कंपनी का लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर और 3,100 रुपये नकद बरामद किए गए।

वहीं आरोपी उज्जवल सिंह परगाई के कब्जे से 2,900 रुपये नकद और एक ब्लूटूथ स्पीकर बरामद हुआ।

इसके अलावा दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दौरान ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया एक पाना भी पुलिस ने बरामद किया है।

दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं और इनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

संदीप कुमार के खिलाफ कुल छह अभियोग थाना हल्द्वानी, लालकुआं, काठगोदाम, मुखानी और रुद्रपुर में पंजीकृत बताए गए हैं। इनमें चोरी, चोरी का माल रखने/खरीदने सहित अन्य आपराधिक धाराओं के मामले शामिल हैं।

वहीं उज्जवल सिंह परगाई के खिलाफ कुल पांच अभियोग थाना मुखानी, हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर और लालकुआं में दर्ज हैं। इनमें चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं से संबंधित मुकदमे शामिल हैं।

रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई से स्कूल में हुई चोरी की घटना का खुलासा होने के साथ ही पुलिस ने दो ऐसे आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनका पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रिकॉर्ड सामने आया है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं और उनसे जुड़े संभावित मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में डांडिया नाइट की धूम, बच्चों से लेकर बड़ों तक थिरके कदम; 1000 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, वीडियो....

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.