ब्रेक फेल होते ही पलटी यात्रियों से भरी बस, दो लोगों के मौत की आशंका,बस में करीब 50 से 55 यात्री थे सवार
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ऋषिकेश-नीलकंठ से दर्शन कर लौट रहे यात्रियों से भरी राजस्थान नंबर की एक बस शुक्रवार देर शाम ढालवाला-भद्रकाली मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे स्कूटी सवार दो लोग बस की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, हादसा टिहरी जिले के भद्रकाली ढालवाला रोड पर शुक्रवार देर शाम हुआ। बताया जा रहा है कि RJ18PB 1409 नंबर की यात्री बस ऋषिकेश और नीलकंठ मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रही थी। बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार अधिकांश यात्री दिल्ली के रहने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि ढालवाला के पास ढलान पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक के अनुसार बस के ब्रेक में तकनीकी खराबी आने के बाद वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क पर पलट गई। इसी दौरान सड़क के किनारे से गुजर रही एक स्कूटी भी पलटी हुई बस की चपेट में आ गई। स्कूटी पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुनि की रेती थाना पुलिस, ढालवाला चौकी पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों स्कूटी सवारों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
वहीं बस में सवार कई यात्रियों के भी घायल होने की सूचना है। हालांकि, अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आने की बात कही जा रही है। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के संबंध में ढालवाला चौकी इंचार्ज के अनुसार, RJ18PB 1409 नंबर की बस के ब्रेक अचानक फेल होने की जानकारी चालक द्वारा दी गई है। चालक के मुताबिक ब्रेक फेल होने के बाद बस बेकाबू हो गई और सड़क पर पलट गई। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बस की तकनीकी स्थिति, ब्रेक फेल होने के दावे और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही मृतक स्कूटी सवारों की पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक धार्मिक यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने और उसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत ने सड़क सुरक्षा और पहाड़ी मार्गों पर वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










