SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की सख्ती का असर, ₹15 लाख से अधिक के स्वर्ण आभूषण शत-प्रतिशत बरामद; आरोपी गाड़ी खरीदने के लिए बेचने की फिराक में था

नैनीताल/भवाली। कोतवाली भवाली क्षेत्र में घर से चोरी हुए लाखों रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषणों की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। भवाली पुलिस ने मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी किए गए लगभग 12 तोला स्वर्ण आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत ₹15 लाख से अधिक है, शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का जल्द खुलासा होने पर पुलिस टीम की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है।

घर से चोरी हुए थे लाखों के जेवर

जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को श्रीमती उमा लटवाल पत्नी स्वर्गीय नारायण सिंह लटवाल, निवासी ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली, जनपद नैनीताल ने कोतवाली भवाली में अपने घर से स्वर्ण आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 33/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर पुलिस अधीक्षक अपराध नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

सुरागरसी और पूछताछ के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस टीम ने घटना के बाद तत्काल सुरागरसी-पतारसी, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया। पुलिस की त्वरित विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान एक युवक संदिग्ध पाया गया। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू पुत्र पूरन सिंह लटवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली, नैनीताल के रूप में हुई है।

गाड़ी खरीदने के लिए चोरी के जेवर बेचने की थी योजना

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए स्वर्ण आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने की योजना बनाई थी। हालांकि पुलिस की तत्परता के चलते वह चोरी के जेवरों को बेच पाता, उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही/कब्जे से चोरी किए गए सभी स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए।

12 तोला सोना शत-प्रतिशत बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु के 02 जोड़ी पौंची, 01 जोड़ी कान के झुमके, 01 नथ, 01 गोलोबंद, 01 मांग-टीका और 01 अंगूठी बरामद की है। बरामद आभूषणों का कुल वजन करीब 12 तोला बताया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत ₹15 लाख है।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस टीम को SSP ने किया पुरस्कृत

चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर शत-प्रतिशत माल बरामद करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने ₹2,500 के पुरस्कार की घोषणा की है।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, कांस्टेबल आनन्द सिंह राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चन्द्र, मनीष पुनेठा, नरेन्द्र मेहता, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश तथा हेड कांस्टेबल चालक आनन्द सिंह कनवाल शामिल रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में पहली बार हुआ ‘नाट्यकम-2026’, मंच पर जीवंत हुई भारतीय ज्ञान परंपरा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.