ब्रेकिंग न्यूज़

भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में रहेगा एक दिन का अवकाश

नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा जनपद नैनीताल में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 31 अगस्त को नैनीताल जनपद के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की चेतावनी जारी की गई है।

जिलाधिकारी ने आदेश में कहा है कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। बारिश के कारण नदी, नालों और गधेरों में जलस्तर एवं जल प्रवाह बढ़ने की संभावना है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसी परिस्थितियों में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए एहतियाती कदम उठाना आवश्यक है।

कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय रहेंगे बंद

जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार सोमवार 31 अगस्त को नैनीताल जनपद क्षेत्र में संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय, जिनमें कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य संचालित होता है, बंद रहेंगे। इसके अलावा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश रहेगा।

यह अवकाश केवल छात्र-छात्राओं तक सीमित नहीं रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य किया गया है।

आवासीय विद्यालयों पर लागू नहीं होगा आदेश

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर लागू नहीं होगी, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

आदेश का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विचलन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने आमजन से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित स्थानों की ओर जाने से बचने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में दो आत्महत्याओं से सनसनी : प्रेमी की मौत के सदमे में प्रेमिका ने भी दी जान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.