जसपुर (ऊधमसिंह नगर)। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें, कॉपियां और खिलौने होने चाहिए, उस उम्र में जसपुर में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

खेलते समय मामूली विवाद के बाद कथित तौर पर 9 वर्षीय बालक ने अपने 11 वर्षीय साथी ईशान की छाती में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल ईशान को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे इलाके में गम और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने छीपियान मोहल्ले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

खेलते समय हुआ विवाद, गुस्से में किया चाकू से हमला

जानकारी के अनुसार, जसपुर निवासी ईशान, जो कक्षा सातवीं का छात्र था, पड़ोस में रहने वाले 9 वर्षीय एक बालक के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोनों बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी बालक ने कथित तौर पर गुस्से में आकर ईशान की छाती में चाकू से वार कर दिया।

चाकू लगने से ईशान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि उसकी हालत बेहद नाजुक थी और डॉक्टर उसे बचाने में सफल नहीं हो सके।

परिवार का सबसे छोटा बेटा था ईशान

मृतक ईशान अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। उसके पिता तस्लीम घर के समीप ही हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार के लोगों का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि बच्चों के बीच होने वाला एक छोटा सा विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।

पहले भी हो चुका था दोनों बच्चों के बीच विवाद

मृतक के ताऊ के अनुसार, आरोपी बालक और ईशान के बीच पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना से पहले दोनों बच्चों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और क्या पहले के विवादों का इस घटना से कोई संबंध है।

आरोपी बालक फरार, मां से पूछताछ

घटना के बाद आरोपी 9 वर्षीय बालक के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपी बालक की मां को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी बालक की पारिवारिक स्थिति भी बेहद कमजोर है। उसके पिता की पिछले वर्ष गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई थी। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह स्कूल भी नहीं जाता है। इस घटना ने उसके परिवार को भी गहरे संकट में डाल दिया है।

एक ओर ईशान की मां अपने बेटे को हमेशा के लिए खो चुकी है, वहीं दूसरी ओर आरोपी बालक की मां भी अपने बेटे के कथित कृत्य के बाद सदमे में बताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने दो परिवारों की जिंदगी को एक पल में बदल दिया।

मोहल्ले में तनाव, पुलिस बल तैनात

घटना के बाद छीपियान मोहल्ले में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। इलाके में पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।

जसपुर के कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पूरे क्षेत्र को झकझोर गई घटना

जसपुर की इस घटना ने समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बचपन की उम्र में हिंसा की इस भयावह घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को स्तब्ध किया है, बल्कि बच्चों के व्यवहार, पारिवारिक परिस्थितियों और सामाजिक परिवेश को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  सीएम धामी का अधिकारियों को अल्टीमेटम: 1 नवंबर तक सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, खुद सड़क मार्ग से करेंगे प्रदेश का औचक निरीक्षण
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.