ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश से राहत मिलने के फिलहाल कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। सितंबर की शुरुआत भी तेज बारिश और खराब मौसम के साथ हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में आगामी दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 1 सितंबर के लिए देहरादून और टिहरी जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश के कारण नदी-नालों के उफान पर आने, भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी देहरादून ने 1 सितंबर को जनपद के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित किया गया है।
वहीं मौसम विभाग ने पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार जिले में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का यह दौर अभी थमने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है और 6 सितंबर तक उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि कई स्थानों पर सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
प्रदेश में मानसूनी बारिश के लगातार सक्रिय रहने से आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन भी सतर्क मोड पर है। विशेष रूप से पर्वतीय जिलों में स्थानीय प्रशासन को संभावित भूस्खलन और अतिवृष्टि की घटनाओं को देखते हुए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री धामी का शनिवार को नैनीताल दौरा, गौलापार में खेल विश्वविद्यालय का करेंगे भूमि-पूजन; उद्योग जगत से भी करेंगे संवाद
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.