नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 1 सितंबर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के बाद जनपद नैनीताल में 2 सितंबर 2026 को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है।

मौसम विभाग की चेतावनी और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बुधवार, 2 सितंबर 2026 को जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार, जनपद नैनीताल क्षेत्रान्तर्गत संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में वर्षा का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह की स्थिति बन सकती है। वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में भू-स्खलन की संभावना भी बनी हुई है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

हालांकि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का उल्लंघन अथवा किसी प्रकार का विचलन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लेने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी: वार्ड 51 में देवेंद्रपुरी मंदिर मार्ग का सीसी सड़क पुनर्निर्माण शुरू
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.