ब्रेकिंग न्यूज़

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा वासियों को विकास और पर्यावरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने शहर में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।

इस दौरान उन्होंने पार्क परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में खासा उत्साह नजर आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क शहरवासियों के लिए हरियाली, स्वच्छ वातावरण और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां लोग सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और प्रकृति के बीच समय बिताने का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को पार्क की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

खटीमा के विकास के लिए छह बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए खटीमा के विकास को गति देने के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तार किया जाएगा और इसके लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाएगा। पार्क के समीप स्थित पुराने वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को भी नए स्वरूप में पार्क परिसर के अंदर विकसित किया जाएगा।

युवाओं और खेल प्रतिभाओं की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री ने खटीमा में भव्य स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए क्रियाशाला, बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सर्किट हाउस तथा स्थानीय छोटे व्यापारियों की आजीविका को व्यवस्थित और सुरक्षित करने के लिए आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की।

पर्यटन के लिहाज से अहम है खटीमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति बेहद महत्वपूर्ण है। यह कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के साथ ही धार्मिक और पर्यटन यात्राओं के लिए भी महत्वपूर्ण पड़ाव है। व्यास वैली, पंचाचूली और पवित्र आदि कैलाश की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु एवं पर्यटक इस क्षेत्र से होकर गुजरते हैं।

उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को बेहतर ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खटीमा में सर्वसुविधायुक्त सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

पिंक टॉयलेट बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क को महिलाओं और बालिकाओं के लिए भी सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क परिसर में जल्द से जल्द आधुनिक पिंक शौचालय का निर्माण कराया जाए। साथ ही पार्क की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि पार्क को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाए रखना केवल सरकार या नगर निकाय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है।

विकास और पर्यावरण साथ-साथ चलेंगे: धामी

मुख्यमंत्री ने वैश्विक तापवृद्धि और बदलते मौसम की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया में जंगलों और हरियाली का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। विकास और पर्यावरण को एक-दूसरे का विरोधी मानना उचित नहीं है। सरकार का प्रयास है कि प्रकृति को नुकसान पहुंचाए बिना उद्योग, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा दिया जाए।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक विकास होने से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसी सोच के तहत राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग स्टेशन और सौर ऊर्जा से जुड़े कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

अग्रणी राज्यों की दिशा में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश के अग्रणी राज्यों की कतार में शामिल होने की दिशा में बढ़ रहा है।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तार और पुराने वन विभाग कार्यालय को नए स्वरूप में विकसित करने की मांग रखी। उन्होंने खटीमा को विकास और पर्यावरण से जुड़ी सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासन और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। नगर वन ऑक्सीजन पार्क के लोकार्पण और छह घोषणाओं को खटीमा के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, अमन और भाईचारे का दिया संदेश

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.