नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। ‘यो पहाड़ फाउंडेशन’ एवं ‘श्री माँ नैना देवी मंदिर अमर उदय ट्रस्ट’ के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 3 और 4 सितंबर को दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यो पहाड़ फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. संतोष बिष्ट ने बताया कि इस वर्ष जन्माष्टमी पर्व को विशेष और यादगार बनाने के लिए दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के पहले दिन 3 सितंबर को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में श्रद्धालु भजनों और कीर्तन का आनंद लेंगे।
वहीं, महोत्सव के दूसरे दिन 4 सितंबर को विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता और दही हांडी प्रतियोगिता प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन आयोजनों में बच्चों, युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
डॉ. संतोष बिष्ट ने बताया कि युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष फाउंडेशन की ओर से ‘बेस्ट रील प्रतियोगिता’ का भी आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से सोशल मीडिया के जरिए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में श्री माँ नैना देवी मंदिर अमर उदय ट्रस्ट की ओर से पूरा सहयोग मिल रहा है। दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है।
महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का विशेष आयोजन भी किया जाएगा। रात्रि 12 बजे श्री माँ नैना देवी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशियां मनाई जाएंगी।
कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष राजीव लोचन साह, सचिव हेमन्त शाह, उपाध्यक्ष घनश्याम लाल साह, उपसचिव प्रदीप शाह, कोषाध्यक्ष किशन सिंह नेगी, सुरेश मलकानी सहित यो पहाड़ फाउंडेशन के सचिव सागर सोनकर, चंद्रकांत जोशी, दीपक पूलस, जितेंद्र मर्तोलिया, नीरज बिष्ट, शिवा सिंह बिष्ट, चेतन मेहरा, अमित, अभिषेक तिवारी, दीपक जोशी, हिमांशु बिष्ट, दीपा बिष्ट, खुशी, दीप्ति बोरा, अर्जुन बोहरा और लोकेश बिष्ट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।










