हरिद्वार। हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। घर से बिना किसी को बताए नई स्कूटी लेकर निकले दो किशोरों की कांगड़ी फ्लाईओवर पर एक कार की टक्कर से मौत हो गई।
हादसे के बाद दोनों किशोरों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर स्कूटी से हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कांगड़ी फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोतवाली श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान कार्तिक अग्रवाल (16) पुत्र नवीन अग्रवाल, निवासी कालीवाली हवेली, हरकी पैड़ी तथा कृष्णा राजपूत (14) पुत्र सोनू राजपूत, निवासी शिवनगर, रानी गली, हरिद्वार के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोरों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि गंभीर चोटों के चलते दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी और अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, कार्तिक के पिता ने हाल ही में नई स्कूटी खरीदी थी। सोमवार को कार्तिक घर से बिना किसी को बताए स्कूटी लेकर निकल गया था। परिवार के किसी सदस्य को यह जानकारी नहीं थी कि वह स्कूटी लेकर घर से बाहर गया है। कुछ देर बाद हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि दोनों किशोर एक ही गली में रहते थे और आपस में अच्छे दोस्त थे। एक किशोर कक्षा नौ में पढ़ता था, जबकि दूसरा कक्षा 11वीं का छात्र था। दोनों की अचानक हुई मौत से उनके परिवारों के साथ-साथ पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।
पुलिस ने हादसे के बाद आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
दो मासूम किशोरों की इस दर्दनाक मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के गंभीर खतरे को सामने ला दिया है। नई स्कूटी पर निकले दोनों दोस्त शायद ही जानते होंगे कि उनका यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।




