ब्रेकिंग न्यूज़

मंत्री कैड़ा ने किया चाफी से अलचोना -ताडा मोटर मार्ग पर डामरीकरण व सुधारीकरण कार्य का शुभारम्भ

वही मंत्री कैड़ा विनायक स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर में पुनर निर्माण कार्य का किया शुभारम्भ

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल विकासखंड अंतर्गत चाफी से अल्चौना-ताड़ा तक जाने वाले मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य का गुरुवार को मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुभारंभ किया। लंबे समय से खराब पड़े इस मार्ग के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन फंसने की समस्या बनी रहती थी।

ग्रामीणों ने मोटर मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मार्ग के डामरीकरण के लिए 2 करोड़ 26 लाख रुपये की स्वीकृति कराई गई। स्वीकृति के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

गोल्ज्यू देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण का भी शुभारंभ

इसी दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विनायक स्थित प्रसिद्ध गोल्ज्यू देवता मंदिर को मंदिर माला मिशन योजना में शामिल कराए जाने के बाद मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। मंदिर के विकास कार्यों के लिए 91 लाख रुपये की स्वीकृति कराई गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। इसके साथ ही मंदिर माला मिशन योजना के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण के कार्य भी किए जा रहे हैं।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, धार्मिक स्थलों और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए सहयोग प्रदान करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी व्यक्त किया।

निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से खराब सड़क के सुधारीकरण की मांग की जा रही थी। सड़क का डामरीकरण होने से ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, प्रधान कमल देवका, लता आर्य, अंकित आर्य, जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, ज्येष्ठ प्रमुख नंदाबल्लभ ब्रजवासी, आनंद मणि भट्ट सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर नकुल सिंह बिष्ट ने बढ़ाया नैनीताल का गौरव

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.