भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंच के संयोजक प्रकाश हर्बोला बोले—सरकार के गलत फैसले के खिलाफ खड़े होंगे, स्वर्ण समाज से एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील
हल्द्वानी। यूजीसी के मुद्दे और आरक्षण से जुड़ी मांगों को लेकर स्वर्ण समाज ने प्रदेशभर में आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। स्वर्ण एकता मंच के संयोजक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश हर्बोला ने कहा कि केंद्र सरकार के समक्ष उनकी तीन प्रमुख मांगें हैं, जिनको लेकर मंच व्यापक स्तर पर आंदोलन की रणनीति तैयार कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी दिनों में इस आंदोलन का असर पूरे उत्तराखंड में देखने को मिलेगा।
प्रकाश हर्बोला ने कहा कि स्वर्ण समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर अब समाज के लोगों को एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकार का निर्णय गलत है, तो उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता होने के बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के जिस निर्णय को वह गलत मानते हैं, उसके विरोध में खड़े होने से पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि स्वर्ण समाज एकजुट होकर अपने अधिकारों और मांगों के लिए स्वयं संघर्ष करे। स्वर्ण एकता मंच इस दिशा में प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने और समाज के लोगों को एक मंच पर लाने की तैयारी कर रहा है।
प्रकाश हर्बोला के मुताबिक, गुरुवार को एक विशाल पंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस पंचायत में स्वर्ण समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के साथ ही आंदोलन की आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। पंचायत में होने वाले विचार-विमर्श के बाद प्रदेशभर में आंदोलन शुरू करने की दिशा में निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वर्ण एकता मंच का विस्तार उत्तराखंड के सभी क्षेत्रों में किया जाएगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जा सके। इसके बाद राज्यभर में एक साथ आंदोलन शुरू करने की योजना है।
स्वर्ण एकता मंच की इस पहल के तहत यूजीसी के मुद्दे, आरक्षण से संबंधित मांगों और सरकार के निर्णयों को लेकर स्वर्ण समाज के लोगों को संगठित करने पर जोर दिया जा रहा है। अब गुरुवार को होने वाली पंचायत पर नजरें टिकी हैं, जिसमें आंदोलन की दिशा, स्वरूप और आगे की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।

