माँ नयना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष की चेतावनी के बाद नैनीताल की लोअर मॉल रोड डेढ़ साल बाद खुली
नैनीताल के व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी राहत, लोअर मॉल रोड वाहनों के लिए खुली
रिपोर्टर – गुड़डू सिंह ठठोला
नैनीताल। माँ नयना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन की धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन की चेतावनी के बाद आज से लोअर मॉल रोड वाहनों के लिए खोल दी गई है। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने हरी झंडी दिखाकर सड़क का शुभारंभ कर इसे जनता के हवाले किया।
आपको बता दें कि डेढ़ साल से लोअर मॉल रोड का कार्य कछुआ गति से चल रहा था। सितंबर 2025 में भारी बारिश के बाद नैनीताल बैंक के समीप लोअर मॉल रोड करीब 10 इंच धंस गई थी, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर सड़क को बंद कर दिया गया था। आखिरकार व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन का सब्र टूट गया और उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर 10 नवंबर से पहले रोड नहीं खुली तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे।
पुनीत टंडन की चेतावनी के बाद प्रशासन ने काम में तेजी लाई और आज डेढ़ साल बाद सड़क को जनता के लिए खोल दिया गया। इस दौरान मंत्री मदन कौशिक और विधायक सरिता आर्या ने मीडिया से बात की और जनता को बधाई दी।
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मॉल रोड को आज जनता के हवाले कर दिया गया है। डेढ़ साल से लगभग ये रोड बंद थी, लेकिन आज हमारे विधायक जी के प्रयास से, सरकार के प्रयास से और मुख्यमंत्री के प्रयास से सारा काम पूरा हो गया है।
इसके लिए मैं विधायक सरिता आर्या के साथ और जनता को भी बधाई देता हूं। इसके साथ ही।सड़क खुलने से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।

