नैनीताल जिले में तेज रफ्तार का कहर,तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को मारी जोरदार टक्कर,बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा, कार बाइक सवार युवकके ऊपर से निकली
लालकुआं। नैनीताल जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लालकुआं नगर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और कार उसके ऊपर से निकल गई। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की डीपीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत 38 वर्षीय राजीव कश्यप बाइक से वीआईपी गेट क्षेत्र से लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर में जैन ट्रांसपोर्ट के ठीक सामने पंतनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजीव कश्यप बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान कार उनके ऊपर से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल राजीव को नगर के एक निजी क्लीनिक पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. विजय विश्वास ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि घायल के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। उनकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज गति से चलने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।

