हल्द्वानी। शहर में एक दुखद घटना सामने आई है। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर कक्षा 12 में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी।
कुछ देर बाद जब परिजनों को कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय ज्योति कालाढूंगी रोड स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह अपनी मां के साथ छड़ायल क्षेत्र के संगम विहार में रहती थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह किसी बात को लेकर ज्योति को डांट पड़ी थी। इसके बाद उसने नाश्ता किया और फिर अपने कमरे में चली गई।
कुछ समय बाद जब परिजनों ने कमरे में देखा तो ज्योति का शव पंखे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।
थाना प्रभारी सुशील जोशी ने बताया कि मंगलवार को छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। महज 17 वर्ष की उम्र में छात्रा की मौत से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
























