सनसनीखेज वारदात: भेड़ों की रखवाली कर रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या

रात में भेड़ों के साथ सोया था हिम्मत सिंह, सुबह खून से लथपथ मिला शव

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के शांत पहाड़ी क्षेत्रों में भी अब लोग सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी तहसील के दूरस्थ फाफा गांव में एक भेड़ पालक की संदिग्ध परिस्थितियों में निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। युवक रात में अपनी भेड़ों की रखवाली के लिए घर से कुछ दूरी पर सोने गया था, लेकिन सुबह उसका शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव मिले हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मुनस्यारी तहसील के गोरीपार क्षेत्र के ग्राम पंचायत फाफा के तोक बजीखरक (वजीखर्क) निवासी 38 वर्षीय हिम्मत सिंह पुत्र पुष्कर सिंह भेड़ पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार शाम को वह रोज की तरह घर पर खाना खाने के बाद अपनी भेड़ों की रखवाली के लिए घर से करीब 50 से 60 मीटर दूर स्थित बजीखरक में बने अपने ठिकाने पर सोने चले गए थे।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह काफी देर तक हिम्मत सिंह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद स्वजन और ग्रामीण उनकी तलाश में भेड़ों के ठिकाने पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने जो दृश्य देखा, उससे सभी के होश उड़ गए। हिम्मत सिंह मृत अवस्था में पड़े थे और उनके सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव थे।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना तहसील मुख्यालय मुनस्यारी और थाना मुनस्यारी पुलिस को दी गई। सूचना पर मुनस्यारी थाने की पुलिस और मदकोट चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर मुनस्यारी लाया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया।

दूरस्थ पहाड़ी गांव में भेड़ पालन कर आजीविका चलाने वाले युवक की इस तरह हत्या होने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं। पुलिस की जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की असल वजह और हत्यारे तक पहुंचने में मदद मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें :  गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का देती है संदेश, अन्नकूट पर्व पर अन्न, पशुधन और धरती के प्रति जताते हैं कृतज्ञता

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.