खंडहर कमरे से मिला 4-5 दिन पुराना सड़ा-गला शव, इलाके में मचा हड़कंप
रामनगर। रामनगर के भवानीगंज क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब वन निगम के एक खंडहर पड़े कमरे से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
लंबे समय से वीरान पड़े कमरे में शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर भवानीगंज के समीप स्थित वन निगम के खंडहरनुमा कमरे में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा।
शव की हालत बेहद खराब थी और वह बुरी तरह सड़ चुका था। इसके बाद लोगों ने बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई सोमेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी।
कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार के अनुसार मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में शव चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव का चेहरा बुरी तरह सड़ जाने के कारण फिलहाल उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को रामनगर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक कौन था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
























