भाजपा सरकार की घोषणाएं केवल चुनावी लॉलीपॉप: भोला दत्त भट्ट

कालाढूंगी को आज तक नहीं मिला बेहतर अस्पताल और खेल स्टेडियम, भोला भट्ट ने भाजपा को घेरा

सीएम धामी के दौरे पर कांग्रेस का तंज, भोला भट्ट बोले- घोषणाओं से नहीं, धरातल पर काम से होगा विकास

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आज कालाढूंगी दौरे से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह है, वहीं कांग्रेस ने सरकार की कार्यशैली और विकास कार्यों को लेकर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं कालाढूंगी विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रमुख दावेदारों में शामिल वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भोला दत्त भट्ट ने मुख्यमंत्री के दौरे पर कटाक्ष करते हुए प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया है।

उन्होंने कहा कि अब चुनावी माहौल में की जा रही घोषणाएं केवल चुनावी वादे बनकर रह जाने की आशंका है। जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि विकास कार्यों का वास्तविक परिणाम देखना चाहती है।

कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए भोला भट्ट ने भाजपा विधायकों और सरकार के विकास के दावों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कालाढूंगी सीट पर लंबे समय से भाजपा का विधायक होने के बावजूद क्षेत्र में आज तक एक बेहतर अस्पताल की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इसके साथ ही युवाओं के लिए एक अच्छे खेल स्टेडियम का भी अभाव बना हुआ है।

मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले कांग्रेस नेता के इस बयान ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान क्षेत्र के लिए कौन-कौन सी विकास योजनाओं और घोषणाओं का ऐलान करते हैं।

यह भी पढ़ें :  बेटियों की शादी का निमंत्रण बांटने निकले पिता के बाद ममेरे भाई की भी मौत, सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदला
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.