करायल-जमराड़ी-थलाड़ी-रैकुना-टकुरा मार्ग की हालत जर्जर, आखिर कब तक जान जोखिम में डालकर सफर करेगी जनता?

भीमताल। नैनीताल जिले के विकासखंड ओखलकांडा में बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर एक बार फिर जनआक्रोश सामने आया है। करायल से जमराड़ी, थलाड़ी, रैकुना और टकुरा को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग पिछले करीब 25 वर्षों से खस्ताहाल बना हुआ है। सड़क की लंबे समय से अनदेखी होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए सरकार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आखिर इस सड़क की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार कौन है? पिछले 25 वर्षों से क्षेत्र की जनता इसी तरह खराब सड़क पर सफर करने को मजबूर है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया?

हरीश पनेरू ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियादी जरूरत होती हैं। लेकिन ओखलकांडा क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति के चलते ग्रामीणों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए यह सड़क परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क की बदहाली से ग्रामीणों का समय और संसाधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि करायल-जमराड़ी-थलाड़ी-रैकुना-टकुरा मोटर मार्ग की स्थिति का तत्काल संज्ञान लिया जाए और संबंधित विभाग को सड़क सुधारीकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं। साथ ही क्षेत्र की अन्य खस्ताहाल सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त कराया जाए।

हरीश पनेरू ने कहा कि पहाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए वर्षों तक इंतजार नहीं करना चाहिए। सरकार को केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर धरातल पर काम करना होगा, ताकि ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

अब सवाल यह है कि 25 वर्षों से बदहाल इस सड़क की सुध आखिर कब ली जाएगी और क्षेत्र की जनता को कब तक राहत मिलेगी?

यह भी पढ़ें :  पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात, खलिया टॉप भी बर्फ से ढका; बागेश्वर में बढ़ी ठंड

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.