ज्यूलिकोट में सड़क हादसे के बाद खूनी संघर्ष, ग्राम प्रधान से भी मारपीट; पुलिस ने कई युवकों को पकड़ा

हादसे में टैक्सी पलटी, तीन लोग घायल; स्थानीय लोगों ने चार युवकों को पकड़ा, पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर दो कारों की भिड़ंत, पलटी टैक्सी; हादसे के बाद सड़क पर जमकर हंगामा

गलत साइड से आई पोलो ने टैक्सी को मारी टक्कर, तीन घायल; विरोध करने पर ग्राम प्रधान से मारपीट का आरोप

हादसे के बाद दबंगई! घायलों की मदद के बजाय टैक्सी सवारों से भिड़े युवक, स्थानीय लोगों ने सिखाया सबक
नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्यूलिकोट से आगे आमपड़ाव के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर के बाद जमकर हंगामा हो गया।

हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि पोलो कार में सवार नशे में धुत युवकों ने टैक्सी सवार लोगों के साथ मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंचे ज्यूलिकोट के ग्राम प्रधान नवल के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को आमपड़ाव के पास नैनीताल की ओर से हल्द्वानी जा रही फॉक्सवैगन पोलो कार और हल्द्वानी की तरफ से नैनीताल आ रही टैक्सी यूनियन की ऑल्टो कार के बीच टक्कर हो गई।

टैक्सी चालक गिरीश भट्ट ने बताया कि उनकी ऑल्टो कार हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही पोलो कार कथित तौर पर गलत दिशा में आकर उनकी गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी सड़क किनारे पहाड़ी की तरफ धकेलते हुए पलट गई। हादसे में टैक्सी में सवार तीन लोग गाड़ी के भीतर फंसकर घायल हो गए।

आरोप है कि दुर्घटना के बाद पोलो कार में सवार युवक घायलों की मदद करने के बजाय टैक्सी सवार लोगों से गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया। मौके पर पहुंचे ज्यूलिकोट के ग्राम प्रधान नवल ने युवकों को सड़क खाली करने और यातायात सुचारु करने के लिए कहा तो आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

तीन घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे में घायल रौशन, अमित और हिमांशु को उपचार के लिए नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल लाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार के अनुसार, सड़क दुर्घटना में घायल तीन लोगों को अस्पताल लाया गया था। उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने आरोपियों को लिया हिरासत में

पुलिस आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों, मारपीट और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में युवक की हैवानियत: युवती को हेलमेट से पीटकर किया लहूलुहान, बचाने पहुंचे लोगों से भी की अभद्रता
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.