हल्द्वानी। शहर में गुरुवार शाम एक दुखद घटना सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
नगर निगम के पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल के 15 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर घर के भीतर ग्रिल से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे निजी अस्पताल से किशोर की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।
सीओ लव शर्मा ने बताया कि किशोर की मौत के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के सामने आने के बाद ही किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
























