विधायक डा प्रमोद नैनवाल के भाई सतीश नैनवाल और भांजे संदीप बधानी द्वारा ग्राम प्रधान सीम के साथ जमकर मारपीट के बाद मुकदमा दर्ज़
रिपोर्टर – बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। रानीखेत में विधायक प्रमोद नैनवाल के भाई व भांजे के खिलाफ ग्राम प्रधान से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। वहीं, दर्जा राज्य मंत्री पीड़ित के पक्ष में अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। इस मामले की राजनीतिक गलियारों में भी खूब चर्चा रही।
आपको बता दें कि ग्राम मिचोली, पोस्ट सीम निवासी संदीप खुलबे ने बीते मंगलवार भतरौंजखान थाने मे तहरीर देते हुए बताया कि उनके पीपलमंडी से भतरौंजखान पहुंचने पर विधायक प्रमोद नैनवाल के भाई सतीश नैनवाल और उनके भांजे संदीप बधानी ने रामनगर रोड स्थित वैल्डिंग की दुकान के ठीक सामने उसकी गाड़ी को रोका और बाहर खींचकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
वही जब तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया तो दूसरे दिन पीड़ित के पक्ष में दर्जा राज्य मंत्री कैलाश पंत अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और केस दर्ज कराने की वकालत की। इस दौरान थाने में गहमागहमी का माहौल रहा।
आखिरकार कई घंटे कोतवाली में डटे रहने के बाद पुलिस ने सतीश नैनवाल और संदीप बधानी के खिलाफ़ धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं थानाध्यक्ष भतरौजखान ने बताया की मारपीट के मामले में दोनो पक्षो की तरफ से एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





