ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

 उत्तराखंड में मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया 

देहरादून। मौसम विभाग की ओर से राज्य में 21 और 22 जुलाई को चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जनपद के लिए रेड अलर्ट तथा पौड़ी व अल्मोड़ा जनपद में भारी बारिश काे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इस दाैरान कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। इसे लेकर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव ने संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों से वार्ता कर अलर्ट पर रहने को कहा है।

शनिवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशभर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में रविवार और सोमवार को बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

वहीं पौड़ी और अल्मोड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। उन्होंने संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों से वार्ता कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भारी बारिश के दौरान रिहायशी इलाकों में जलभराव की समस्या से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए ठोस रणनीति के तहत कार्य करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जलभराव एक बड़ी समस्या है और बरसात के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के इससे प्रभावित होने की संभावना बनी रहती है। ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए, जहां से बारिश का पानी आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करता है और वहीं से पानी को किसी नाले या नदी की तरफ डायवर्ट कर दिया जाए।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से वनाग्नि के दौरान फायर लाइन बनाई जाती है, उसी तरह से जलभराव से निपटने तथा पानी को आबादी क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकने के लिए वाटर लाइन बनाई जाए।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव ने कहा कि यदि नालों में ब्लॉकेज के कारण जलभराव हो रहा है तो 24 घंटे के भीतर नालों की सफाई करना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में शासन ने प्रत्येक जनपद के लिए दस-दस करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। सोमवार तक यह धनराशि जनपदों को प्राप्त हो जाएगी।

इसे तुरंत आपदा संबंधी कार्यों में खर्च किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि यदि और धनराशि की जरूरत होगी तो वह भी जारी की जाएगी, इसलिए आपदा संबंधी कार्यों को तत्परता से किया जाए।

यह भी पढ़ें :  UPSC में उत्तराखंड का जलवा: शांभवी तिवारी 46वीं, मीनल नेगी 66वीं और अनुज पंत 69वीं रैंक पर

You missed

error: Content is protected !!