दुकान के कर्मचारी ने मालिक के खाते से ही निकाले 4.94 लाख रुपये 

पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने कर्मचारी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

देहरादून। सहस्रधारा क्रॉसिंग स्थित एक दुकान के कर्मचारी ने मालिक के खाते से ही 4.94 लाख रुपये निकाल लिए। यह रकम उनके डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर निकाली गई। उन्हें इसका पता उस वक्त लगा जब कर्मचारी बिना बताए काम छोड़कर चला गया।

उन्होंने खाते का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि खाता खाली हो गया है। मामले में पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसओ रायपुर प्रदीप नेगी ने बताया कि चूना भट्टा निवासी मोहम्मद अब्दुला की एएस ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने मेरठ के किठौर इलाके के गांव ललियाना निवासी आमिर खान को गत एक नवंबर 2024 को काम पर रखा था। वह सामान खरीदने बेचने और बिल बनाने का काम करता था। इसके लिए उसे 12 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे।

इसका उन्होंने पुलिस से सत्यापन भी कराया था। गत 23 मार्च को वह अचानक बिना बताए कहीं चला गया। कई दिनों तक नहीं आया तो उन्हें शक हुआ। मोहम्मद अब्दुला ने अपनी फर्म के करंट अकाउंट का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उसमें महज 97 रुपये ही बचे हैं।

बैंक कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनके खाते से कुल 4.94 लाख रुपये विभिन्न तिथियों में डेबिट कार्ड से निकाले गए हैं। एसओ ने बताया कि मोहम्मद अब्दुला के इस खाते से लिंक मोबाइल नंबर भी दुकान में ही रखा रहता था।

इसे भी आमिर खान ही देखता था। उसी के पास डेबिट कार्ड रहता था। एसओ ने बताया कि मोहम्मद अब्दुला की शिकायत पर आमिर खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  किराए के कमरे में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस की छापेमारी में चार गिरफ्तार; व्हाट्सएप पर भेजी जाती थीं महिलाओं की तस्वीरें
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.