स्थानीय जनता की समस्याओं को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने KMVN प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन – सुखाताल पार्किंग शुल्क वृद्धि और गैस संकट पर जताई गहरी चिंता

रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। नगर क्षेत्र में उत्पन्न हो रही जन समस्याओं को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के नैनीताल मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊँ मण्डल विकास निगम (KMVN) के प्रबंधक से भेंट कर दो महत्वपूर्ण विषयों पर संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने निगम को नगर की जमीनी समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत किए गए ज्ञापनों में पहला विषय सुखाताल स्थित पार्किंग स्थल पर स्थानीय नागरिकों के लिए पार्किंग शुल्क में हाल ही में की गई वृद्धि से संबंधित था।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कुमाऊँ मण्डल विकास निगम द्वारा संचालित इस पार्किंग स्थल पर शुल्क में असंगत वृद्धि से स्थानीय नागरिकों में भारी असंतोष व्याप्त है। स्थानीय जनता का कहना है कि यह पार्किंग मूलतः शहर के नागरिकों की सुविधा हेतु बनाई गई थी, ऐसे में उन पर व्यावसायिक दरें थोपना अन्यायपूर्ण है।

दूसरा ज्ञापन नगर क्षेत्र में गैस सिलेंडर की समय पर होम डिलीवरी न होने की समस्या को लेकर सौंपा गया।

नितिन कार्की ने अवगत कराया कि उपभोक्ताओं से अग्रिम भुगतान के बावजूद गैस सिलेंडर की डिलीवरी में तीन से पांच दिनों का अनावश्यक विलंब हो रहा है।

जिससे रसोई घरों में असुविधा उत्पन्न हो रही है। इस लापरवाही का खामियाज़ा आम जन को भुगतना पड़ रहा है, जोकि अत्यंत चिंता का विषय है।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में मनोज जोशी जी (सलाहकार मंडी परिषद उत्तराखण्ड) आशीष बजाज जी, विकास जोशी जी, जीवंती भट्ट जी, अरविंद पडियार जी, दयाकिशन पोखरिया जी, भारत सिंह मेहरा जी, देवेंद्र बगड़वाल उपस्थित रहे।

प्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से लेते हुए त्वरित संज्ञान का आश्वासन दिया। वहीं भाजपा पदाधिकारियों ने नगर की जनता के हक की लड़ाई को हर स्तर पर सड़क से सदन तक मजबूती से उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  गैरसैंण विधानसभा सत्र आज से: अंकिता भंडारी प्रकरण, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस, 445 सवालों के जवाब देगी धामी सरकार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.