ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल, जो कुमाऊं मंडल का सबसे बड़ा स्वास्थ्य केंद्र है. लेकिन इन दिनों ये अपने कर्मचारियों के आन्दोलन की वजह से चर्चा में है।

बीते छह महीनों से वेतन न मिलने के कारण परेशान इन कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया है।

कर्मचारियों ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज किया, जिसमें थाली बजाना, शंख फूंकना और हनुमान चालीसा का पाठ शामिल रहा।

कर्मचारियों का सब्र अब जबाब दे रहा है. बावजूद इसके प्रबन्धन कोई सुनवाई नहीं कर रहा. लिहाजा अब कर्मियों ने आरपार का ऐलान कर दिया है।

बता दें कि सुशीला तिवारी अस्पताल में रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. अस्पताल की व्यवस्था को सुचारू रखने में उपनल कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

ये कर्मचारी सफाई, मरीजों की देखभाल और अन्य जरूरी सेवाओं में योगदान देते हैं. जबकि पिछले छह महीनों से वेतन न मिलने के कारण इनका जीवन संकट में है. कर्मचारियों का कहना है कि बिना वेतन के बच्चों की पढ़ाई, दवाइयां और घरेलू खर्च चलाना असंभव हो गया है।

उपनल कर्मचारी शम्भु दत्त बुधानी ने कहा कि हम पिछले 15-20 साल से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कोविड काल में भी हमने अपनी जान जोखिम में डालकर काम किया, लेकिन आज हमें वेतन तक नहीं मिल रहा।

वहीं मीना गुप्ता ने बताया कि परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. कई बार शासन-प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।

सुशीला तिवारी अस्पताल के हेड डॉ. अरुण जोशी ने कर्मचारियों की स्थिति पर सहानुभूति जताते हुए कहा कि हम उपनल कर्मचारियों की परेशानी को समझते हैं. उनके बकाया वेतन को लेकर शासन को पत्राचार किया गया है. हमें उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।

धरने पर बैठे कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि अगर जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।

इससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं. कर्मचारियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के समान काम-समान वेतन और नियमितीकरण के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है।

क्या है उपनल कर्मचारियों की मांग?

बकाया वेतन का तत्काल भुगतान: छह महीने से रुके वेतन को जल्द जारी करने की मांग।

नियमितीकरण: कई कर्मचारी 15-20 साल से सेवा दे रहे हैं, लेकिन उन्हें स्थायी नहीं किया गया।

समान काम-समान वेतन: सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के आदेशों का पालन।

सुशीला तिवारी अस्पताल में करीब 700 उपनल कर्मचारी कार्यरत हैं. इनके कार्य बहिष्कार से पहले ही स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो चुकी हैं।

यदि हड़ताल अनिश्चितकालीन हुई, तो मरीजों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में कल गरजेंगे राजनाथ सिंह, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे पुष्कर सिंह धामी; UCC को लेकर भी दिया बड़ा बयान

You missed

error: Content is protected !!