ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

फुलवाड़ी-खाईंधार सड़क के लिए आंदोलन तेज, 14वें दिन भी जारी रहा क्रमिक अनशन,बुधवार को आंदोलन स्थल पर हेमा देवी और इंदिरा देवी क्रमिक अनशन पर बैठीं

कपकोट। फुलवाड़ी-खाईंधार सड़क निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर सड़क संघर्ष समिति का सांकेतिक क्रमिक अनशन बुधवार को 14वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

बुधवार को आंदोलन स्थल पर हेमा देवी और इंदिरा देवी क्रमिक अनशन पर बैठीं। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण 13 जुलाई से चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से सड़क निर्माण शुरू कराने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि लगातार धरना-प्रदर्शन और अनशन में शामिल रहने के कारण ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। घरों और पालतू पशुओं की देखभाल में दिक्कतें आ रही हैं, जिसका फायदा उठाकर गुलदार पालतू जानवरों को अपना शिकार बना रहा है। वहीं, जंगली जानवर खेतों, बागानों और किचन गार्डन में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने कहा कि तमाम परेशानियों के बावजूद वे सड़क निर्माण की मांग से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके निर्माण से आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

आंदोलन के दौरान पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संघर्ष समिति ने सरकार और प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कर क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  लालकुआं में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, किराये के मकान में पंखे से लटका मिला शव; पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी

You missed

error: Content is protected !!