विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार का रोजगार पर बड़ा दांव, साल के अंत तक करीब चार हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया पहुंचेगी निर्णायक चरण में
देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की धामी सरकार युवाओं को रोजगार के मोर्चे पर बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) दिसंबर से पहले विभिन्न विभागों में 2477 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके साथ ही पहले से आवेदन प्राप्त 1470 पदों की लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। इस तरह वर्ष के अंत तक करीब चार हजार सरकारी पदों की भर्ती प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंचने की उम्मीद है।
यूकेएसएसएससी के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि आयोग दिसंबर से पहले 2477 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित करेगा। इन पदों में स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद, पुलिस, आबकारी एवं परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक तथा सहायक विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नई भर्तियों के साथ-साथ आयोग पहले से लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को भी तेजी से पूरा करेगा। जिन 1470 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, उनकी लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित कर ली जाएंगी। इनमें वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, विभिन्न तकनीकी पद, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद तथा विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पद शामिल हैं।
प्रदेश सरकार भर्ती प्रक्रिया को अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल कर रही है। सरकार का दावा है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार का कहना है कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध हुई है, जिससे आवेदन से लेकर नियुक्ति तक का समय भी पहले की तुलना में कम हुआ है।
सरकार का कहना है कि बेरोजगारी कम करने के उद्देश्य से रिक्त पदों को अभियान चलाकर भरा जा रहा है। आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और राज्य के विकास को नई गति मिले।


