नैनीताल। पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक पूर्व पदाधिकारी को नाबालिग लड़की का अपहरण कर उससे दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी देव सिंह बगड़वाल नाबालिग पीड़िता को हरिद्वार ले गया था।

उसने बताया कि पीड़िता को बरामद कर बगड़वाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

नैनीताल के पुलिस अधीक्षक डॉ जगदीश चंद्र ने बताया कि पीड़िता को बरामद करने के बाद उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय के सामने पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले की जांच कर रही उपनिरीक्षक आशा बिष्ट ने बताया कि 16 वर्षीय पीड़िता की मां द्वारा आठ अक्टूबर को पुलिस में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गयी। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि बगड़वाल ने उसका अपहरण किया है जिसके बाद मोबाइल फोन की लोकेशन और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर उसके हरिद्वार में होने का पता चला।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म तथा पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बगड़वाल नैनीताल में भाजयुमो का पूर्व जिला महामंत्री भी रह चुका है।

इस बीच, भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी को लेकर विपक्षी कांग्रेस ने सत्ताधारी दल को घेरते हुए कहा कि भाजपा का ”बेटी बचाओ” का नारा दरअसल ”भाजपा नेताओं से बेटी बचाओ” की हकीकत में बदल चुका है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा, ” भाजपा ने देशभर में ”बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा गुंजाया है लेकिन देवभूमि उत्तराखंड में हालात ऐसे हैं कि अब जनता खुद पूछ रही है कि आखिर बेटी को किससे बचाना है? ”

प्रदेश में हुए बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित अन्य मामलों का जिक्र करते हुए माहरा ने कहा कि एक-एक करके भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के नाम उन जघन्य अपराधों में सामने आ रहे हैं जिनसे समाज का सिर शर्म से झुक जाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो मंचों से ”संस्कारी भारत” का सपना दिखाती है लेकिन उसी के भीतर ऐसे अपराधी बेखौफ बैठे हैं।

उधर, भाजपा ने घटना को शर्मनाक बताते हुए कड़े शब्दों में उसकी निंदा की और कांग्रेस तथा अन्य दलों से इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी से बचने को कहा।

प्रदेश प्रवक्ता एवं राजपुर से विधायक खजान दास ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी किसी भी पार्टी का सदस्य हो, उसपर सख्त कानूनी कार्रवाई कर उसे कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।

दास ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं और बच्चों के साथ होने वाले अपराधों पर सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में है और उन्हें हर संभव मदद दिए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष तथा अन्य विपक्षी नेताओं से इस गंभीर एवं संवेदनशील मुद्दे पर अनावश्यक आरोप-प्रत्यारोपों से बचने का आग्रह किया तथा कहा कि हमेशा की तरह इस बार भी दोषी को कठोर सजा सुनिश्चित करवाई जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड के नए राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन आज लेंगे शपथ, लोकभवन में सुबह 11 बजे होगा समारोह

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.