देहरादून। रुद्रप्रयाग जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर है। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर एक मैक्स वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा भिरी बाजार में स्टेट बैंक के पास शाम के समय हुआ। जानकारी के अनुसार, मैक्स वाहन (टाटा सूमो टाइप) में आठ लोग सवार थे। वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि विकास पुत्र श्रीराम ग्राम किसरोला और शिशुपाल निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। छह घायलों को सीएचसी अगस्त्यमुनि अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि दो की हालत नाज़ुक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक और घायल सभी फेरी का काम करते थे। ये लोग मक्कू में आयोजित मेले में गए हुए थे और वापसी के दौरान हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना के समय वाहन ने सड़क किनारे खड़ी छह अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारी, जिससे वे भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन को कब्जे में लेकर कारणों की जांच की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग तेज, हल्द्वानी में होगी महारैली; डीएम के घेराव की तैयारी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.