ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

एयरफोर्स से रिटायर एक सैनिक की गोली मारकर हत्या,वारदात के वक्त मृतक का बेटा भी साथ में

हरिद्वार।  बहादराबाद क्षेत्र में बीती रात एयरफोर्स से रिटायर एक सैनिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कार में हुई इस वारदात के वक्त मृतक का बेटा भी साथ था जो ड्राइव कर रहा था।

बेटे के अनुसार, रास्ते में एक अज्ञात युवक ने लिफ्ट मांगी तो उसे कार में बिठा लिया। कुछ आगे जाने पर उक्त युवक ने पिता को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पूर्व सैनिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस सूत्रों की माने तो वह हत्या के खुलासे के करीब पहुंच चुकी है। कार में सवार मृतक के बेटे से भी पुलिस पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।

जमालपुर स्थित जेवीजी कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय भगवान सिंह एयरफोर्स से रिटायर थे। शनिवार रात करीब नौ बजे वह अपने 22 वर्षीय बेटे यशपाल के साथ कार से रोशनाबाद में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, यशपाल ने बताया कि ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के पास अज्ञात युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी तो उसे बिठा लिया। कुछ दूर चलने के बाद उक्त युवक ने भगवान सिंह के सिर के पीछे तमंचा सटाकर गोली मार दी। एकाएक हुए हमले और पिता की हालत देख वो घबरा गया और उसने कार के इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए।

गाड़ी रुकते ही हमलावर फरार हो गया। बेटे ने घटना की सूचना अपने परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस-परिजन मौके पर पहुंचे व घायल भगवान को अस्पताल ले गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। भगवान सिंह को दून के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया, यशपाल से मिली जानकारी के बाद आरोपी की धरपकड़ को अभियान चलाया पर सफलता नहीं मिली। पुलिस को मौके से एक कारतूस मिला था। बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में मृतक के भाई होशियार सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में हर एंगल से जांच जारी है। मौके के आस पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

यशपाल पेशे से ड्राइवर है ऐसे में अंजान व्यक्ति को कार में लिफ्ट देने की बात पुलिस को हजम नहीं हो रही है। जिस क्षेत्र में लिफ्ट दी और जहां से आरोपी भागा उन क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। यशपाल ही एकमात्र गवाह है जो अपने पिता के हत्यारे की शिनाख्त कर सकता है। पुलिस सूत्रों की माने तो इस कांड में किसी अपने के होने की संभावना भी जताई जा रही है। भगवान सिंह अपने बेटे के साथ शादी में जा रहा था। तो आरोपी को इसकी जानकारी कैसे हुई और उसने लिफ्ट लेकर हत्या को अंजाम दे दिया।

यशपाल की माने तो उसे कुछ नहीं कहा न धमकाया। कार रुकी और आरोपी फरार हो गया। पुलिस को हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने में अधिक समय नहीं लगेगा। बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था।

फिलहाल यशपाल की मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही हे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की बड़ी कार्रवाई, दो रजिस्ट्रार कानूनगो पदावनत

You missed

error: Content is protected !!