ब्रेकिंग न्यूज़

वेरिफिकेशन में देरी और पारदर्शिता के सवालों पर भर्ती प्रक्रिया अधर में, प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुए अभ्यर्थी

अल्मोड़ा। प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए आयोजित काउंसिलिंग के दौरान सोमवार को अव्यवस्थाओं को लेकर डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। काउंसिलिंग प्रक्रिया में देरी, तय समय पर प्रमाण पत्रों का वेरिफिकेशन शुरू न होने और पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों के चलते देर शाम तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हंगामे के कारण भर्ती प्रक्रिया सोमवार को पूरी नहीं हो सकी।
वेरिफिकेशन में देरी पर भड़के अभ्यर्थी:
अभ्यर्थियों का आरोप था कि काउंसिलिंग का समय पहले से निर्धारित होने के बावजूद प्रमाण पत्रों के वेरिफिकेशन में अनावश्यक देरी की गई। उनका कहना था कि अन्य जिलों में काउंसिलिंग तय समय पर पूरी हो चुकी है, जबकि वहां के अभ्यर्थी अल्मोड़ा जिले की काउंसिलिंग में भी शामिल हो रहे हैं। इससे स्थानीय अभ्यर्थियों के हित प्रभावित होने की आशंका जताई गई।
प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी:
नाराज अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग स्थल पर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और भर्ती प्रक्रिया को तत्काल पारदर्शी तरीके से पूरा करने की मांग की। स्थिति बिगड़ते देख भर्ती स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा:
हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर संजय कुमार और तहसीलदार ज्योति धपवाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से वार्ता कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
13 जनवरी को दोबारा होगी काउंसिलिंग:
लंबी बातचीत के बाद प्रशासन ने मंगलवार 13 जनवरी को काउंसिलिंग दोबारा कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद अभ्यर्थी शांत हुए और हंगामा समाप्त हुआ।
241 पदों के लिए उमड़ी भीड़:
गौरतलब है कि सोमवार को अल्मोड़ा जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में 241 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में काउंसिलिंग आयोजित की गई थी।

इन पदों के सापेक्ष 800 से अधिक डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थी काउंसिलिंग में पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में भारी बारिश का खतरा, 2 सितंबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.