रानीबाग कलसिया नाले पर बने वैलीब्रिज की भार क्षमता बढ़ेगी, इसके स्थान पर अधिक भार क्षमता का नया वैलीब्रिज का निर्माण शीघ्र होगा। निर्माण की कवायद शुरू
हल्द्वानी। हल्द्वानी–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत कलसिया नाले में वर्तमान में स्थित वैली ब्रिज के स्थान पर अधिक भार क्षमता वाले वैली मोटर ब्रिज का निर्माण शीघ्र किया जाना प्रस्तावित है।
पुल निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग एवं यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में हल्द्वानी कैंप कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
कुमाऊं के पहाड़ी जिलों के लिए अहम है यह मार्ग
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह सड़क मार्ग कुमाऊं के पर्वतीय जनपदों को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में कलसिया नाले पर स्थित 32 टन भार क्षमता वाले वैली ब्रिज के स्थान पर अधिक भार क्षमता का नया वैली ब्रिज निर्मित किया जाना है।
निर्माण के दौरान सुरक्षित व सुचारू यातायात पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि पुल निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए निर्माण अवधि में एक प्रभावी वैकल्पिक मार्ग का तैयार किया जाना अनिवार्य होगा।
संयुक्त निरीक्षण के निर्देश
उन्होंने एनएच, लोक निर्माण विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शुक्रवार को मौके पर संयुक्त निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
तीन माह में पूरा होगा पुल निर्माण
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता ने जानकारी दी कि वैली ब्रिज निर्माण के लिए तीन माह की कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है। वैकल्पिक मार्ग तैयार होते ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा।
यातायात प्रबंधन पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में पुल निर्माण अवधि के दौरान यातायात संचालन, डायवर्जन व्यवस्था एवं सुरक्षा उपायों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, अधीक्षण अभियंता एनएच हरीश पांगती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





