ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरे रौद्र रूप में नजर आ रहा है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के 12 जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना की चेतावनी दी है। इसके चलते प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है और कई जिलों में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

खराब मौसम को देखते हुए चमोली जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से मौसम को देखते हुए पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

पहाड़ी जिलों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों पर जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा

आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 6 अगस्त को देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। इन जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, नैनीताल, चम्पावत समेत कई अन्य जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

11 अगस्त तक राहत के आसार नहीं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। अनुमान है कि 11 अगस्त तक उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन, सड़क बाधित होने, नदियों और गाड़-गधेरों के उफान पर आने तथा जलभराव जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

प्रशासन की अपील

राज्य प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाने, भूस्खलन संभावित इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पहाड़ी मार्गों पर बेहद सावधानी के साथ सफर करने को कहा गया है।

किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।

यह भी पढ़ें :  Youngest Producer Kartik Paliwal Embarks on Sacred Kanwar Yatra from Haridwar to Maneshwar Mahadev
error: Content is protected !!