ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

स्कूल बस और बाइक की टक्कर में तीन युवकों की हुई मौत, हादसे के बाद चालक मौके से फरार

खटीमा। सड़ासडिया से प्रतापपुर जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एक निजी स्कूल बस और बाइक की जोरदार टक्कर से हुआ। मृतक झनकट से अपने घर प्रतापपुर लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर वार्ड-7 निवासी देवेंद्र सिंह राणा (24) पुत्र उमेश सिंह, अपने पड़ोसियों राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला (26) पुत्र दर्शन सिंह और राजेश सिंह राणा (34) पुत्र पंचम सिंह के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर झनकट से घर लौट रहा था। बाइक देवेंद्र चला रहा था।

घर से करीब 100 मीटर पहले सामने से आ रही निजी स्कूल बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और घायलों के स्वजनों को दी।

सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही नानकमत्ता थानाध्यक्ष उमेश कुमार और प्रतापपुर पुलिस चौकी इंचार्ज राजेंद्र पंत अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई शनिवार को की जाएगी।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को सुरक्षा की दृष्टि से कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

स्वजनों ने बताया कि मृतक देवेंद्र सिंह राजमिस्त्री का कार्य करता था, जबकि दोनों अन्य युवक मजदूरी करते थे।

घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बाइक चालक ने हेलमेट पहना था या नहीं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  ‘दुरुपयोग की आशंका’ : सुप्रीम कोर्ट ने UGC के नए इक्विटी रेगुलेशन पर लगाई रोक, केंद्र से मांगा जवाब
error: Content is protected !!